Diwali: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर सेंट्रल जेल में बंद कैदी इस दिवाली अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। जेल की चारदीवारी के अंदर कैदी रंग-बिरंगी रंगोलियां, सजावटी दीये और घर सजाने का अन्य सामान बना रहे हैं। इस काम में पुरुष और महिला, दोनों कैदी शामिल हैं। वे पिछले 15- 20 दिनों से दिवाली के लिए सजावट का सामान तैयार कर रहे हैं।
कैदियों की ओर से बनाए गए इन सामानों को जेल के बिक्री केंद्र पर बेचा जाएगा। इस पहल के जरिए कैदियों को अपनी रचनात्मकता दिखाने और हुनर को निखारने का मौका मिल रहा है। केंद्रीय जेल अदिति चतुर्वेदी जेल अधीक्षक अदिति चतुर्वेदी “हमने इस बार दीपावली का त्योहार जो है उसको ध्यान में रखते हुए अपने बिक्री केंद्र के माध्यम से जो हम बंदियों द्वारा बनाए गई सामग्रियों का हम विक्रय करते हैं,मार्केटिंग करते हैं उसको ध्यान में रखते हुए कुछ चीजें हम बना रहे हैं।
पिछले 15- 20 दिनों से और इसमें हमने पुरुष और महिलाएं दोनों बंदियों की हेल्प ली है और उनको एक रोजगार का एक अवसर दिया है। इसके जरिए हमने बहुत ऐसी चीजें बनाई है जो गृह सज्जा में यूज होती है। इसको लोग दिवाली पर खरीदते हैं और इस बात का हमने विशेष ध्यान रखा है कि इन चीजों को ज्यादा महंगा भी नहीं बनाए हम।”
इस पहल का मकसद सिर्फ दिवाली पर सजावट का सामान बेचना नहीं है, बल्कि कैदियों को नए हुनर सिखाना भी है। इससे जेल से रिहा होने के बाद उन्हें काम करने और अपना जीवन दोबारा बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है, नरसिंहपुर जेल की ये पहल दिखाती है कि दिवाली की खुशियां जेल की चारदीवारी के अंदर भी मनाई जा सकती हैं।