Philippines: फिलीपींस में ट्रेनिंग के दौरान वायुसेना के दो विमान आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में चारों पायलटों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
यह हादसा शुक्रवार दोपहर को हुआ। दोनों विमान SF-260 मॉडल के थे और कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे। इसी दौरान वे आपस में टकरा गए और मनीला के दक्षिण में बटांगास प्रांत के लिपा शहर स्थित फर्नांडो एयर बेस पर गिर गए। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलीपींस की वायु सेना ने इस घटना को एक दुर्घटना बताया है, लेकिन इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। वहीं, घटना की जानकारी रखने वाले दो अधिकारियों ने बताया कि उड़ान के दौरान दोनों विमान आपस में टकरा गए थे।इन अधिकारियों ने अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि उन्हें इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बोलने की अनुमति नहीं थी।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि दो सीटों वाला एक विमान एयर बेस में मौजूद सैन्य कर्मियों की बैरक के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
फिलीपींस की वायु सेना ने हादसे की जांच पूरी होने तक अपने बाकी सभी SF-260 विमानों की उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी है। ये विमान इटली से खरीदे गए थे।हालांकि, वायु सेना ने यह जानकारी नहीं दी है कि उसके पास फिलहाल कितने SF-260 विमान मौजूद हैं।
यह दुर्घटना फिलीपींस की सेना के लिए एक बड़ा झटका है, जो पहले से ही फंड की कमी से जूझ रही है।