India Post: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग ने पहली बार लगातार दो तिमाहियों में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व हासिल किया है। सिंधिया ने बताया कि इंडिया पोस्ट का संचालन करने वाले डाक विभाग ने चालू वित्त पर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 25 फीसदी की वृद्धि के साथ 4,202 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया। 2025-26 की दूसरी तिमाही में यह 3,355 करोड़ रुपये था।
मंत्री ने कहा, ‘‘ दूसरी तिमाही में हमने 4,202 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया, जो पिछली तिमाही की तुलना में करीब पांच फीसदी अधिक है। इंडिया पोस्ट के इतिहास में पहली बार हमने लगातार दो तिमाहियों में 4,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है।’’ इस वृद्धि में पार्सल कारोबार की प्रमुख भूमिका रही, जिसमें 71 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (ग्रामीण पीएलआई) में जुलाई-सितंबर 2025 की तिमाही की तुलना में 44 फीसदी की वृद्धि हुई। अंतरराष्ट्रीय कारोबार (आईबी) में 38 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सिंधिया ने कहा, ‘‘चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में हमारा राजस्व सालाना आधार पर करीब 24 फीसदी बढ़ा है। 2025-26 की पहली छमाही में यह लगभग 6,500 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर करीब 8,213 करोड़ रुपये हो गया है।’’ मंत्री ने कहा कि राजस्व में वृद्धि के साथ डाक विभाग की लागत दक्षता में भी सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘पेंशन को छोड़कर हमारा व्यय कवरेज अनुपात (ईसीआर) बढ़कर 62 फीसदी हो गया है। पेंशन को लागत संबंधी मद मानते हुए हम इसे ईसीआर की गणना से बाहर रख रहे हैं। पिछले साल दूसरी तिमाही में यह अनुपात 54 फीसदी था। इस तरह हमने इस साल अपने व्यय कवरेज अनुपात में करीब आठ फीसदी अंक का सुधार किया है।’’”
सिंधिया ने कहा कि प्रदर्शन के लिहाज से बिहार, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर के तीन डाक परिमंडलों ने सभी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया है और उम्मीदों से बेहतर परिणाम दिए हैं।