Daler Mehndi: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उस विवाद को खत्म करने की कोशिश की, जो राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दलेर मेहंदी को उनके परफॉरमेंस के दौरान सबके सामने फटकार लगाने से शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि राज्य सभी कलाकारों का सम्मान करता है और वह मेहंदी तथा उनके भाई मीका सिंह से बात करेंगे, जिन्हें उन्होंने अपना “अच्छा दोस्त” बताया।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “मुझे लगता है कि उस समय मंत्री जी पर जनता का दबाव रहा होगा। मंत्री जी ने खुद बताया है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब है।” मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड कलाकारों की भूमि है, जहां हर किसी का सम्मान किया जाता है। मुझे लगता है कि इस मामले को यहीं खत्म कर देना चाहिए। मैं मीका और दलेर मेहंदी से बात करूंगा; वे दोनों मेरे अच्छे दोस्त हैं।”
सोशल मीडिया पर वायरल इस घटना के एक वीडियो में उनियाल को मेहंदी से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है, क्योंकि वे ठीक से बोल नहीं पा रहे थे।
मंत्री ने बुधवार को पीटीआई वीडियो से कहा, “दलेर मेहंदी एक बड़ा नाम हैं, इसलिए उन्हें कुंजापुरी मेले में आमंत्रित किया गया था। लेकिन परफॉरमेंस के दौरान यह साफ हो गया कि वे सिर्फ लिप-सिंक कर रहे थे, गा नहीं रहे थे।एक स्थानीय प्रतिनिधि होने और आयोजन समिति से जुड़े होने के नाते मुझ पर लोगों का दबाव था कि इस बारे में सवाल उठाया जाए।”
उन्होंने कहा, “मेहंदी न तो ठीक से बोल पा रहे थे और न ही चल पा रहे थे। उस समय मुझे लगा कि शायद उन्होंने कुछ नशा कर रखा है। मुझे नहीं पता कि क्या, क्योंकि कोई मेडिकल जांच नहीं कराई गई थी।” उनियाल ने बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि मेहंदी इसलिए नहीं बोल पा रहे थे, क्योंकि उनकी तबीयत खराब थी।