Asian Games: भारतीय तीरंदाज शीतल देवी ने महिला कंपाउंड स्पर्धा में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता

Asian Games: भारतीय तीरंदाज शीतल देवी ने तनावपूर्ण क्षणों में धैर्य बनाए रखते हुए गुरुवार को नागोया में फाइनल में सिंगापुर की अलीम नूर शाहिदा को हराकर एशियाई पैरा खेलों में महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता।

तोमन कुमार के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के कुछ ही घंटों बाद ही 19 वर्षीय विश्व चैंपियन शीतल ने अलीम को 142-139 से हराकर मौजूदा खेलों का अपना दूसरा स्वर्ण पदक और कुल मिलाकर तीसरा पदक जीता।

अलीम ने अच्छी शुरुआत की और पहले दो सेट के बाद चार अंकों की बढ़त बना ली। लेकिन जम्मू कश्मीर की रहने वाली भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करके अगले दो सेट में लगातार 10-10 अंक हासिल किए।

उन्होंने इस बीच तीन एक्स (निशाने के केंद्र के सबसे करीब लगने वाले तीर) भी लगाए। इस तरह से उन्होंने अंतिम सेट से पहले दो अंकों की बढ़त बना ली।

शीतल ने अंतिम सेट में नौ-नौ अंक के साथ कुल 27 अंक हासिल किए जबकि अलीम केवल 26 अंक ही बना सकी। शीतल ने इन खेलों से तीन पदक जीते । उन्होंने ओडिशा की पायल नाग के साथ महिला युगल में रजत पदक भी जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *