Stock Market: सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट, वैश्विक बाजार में कमजोर संकेतों का असर

Stock Market: इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो दिन से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया। गिरावट की मुख्य वजह प्राइवेट बैंकिंग शेयरों, खासकर एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक में बिकवाली का दबाव और वैश्विक बाजार से मिले कमजोर संकेत थे।

ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ‘ब्रेंट क्रूड’ 1.07 प्रतिशत गिरकर 108.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 876 अंक से ज्यादा गिरकर लगभग 73 हजार 853 पर, जबकि 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 257 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ करीब 22 हजार 889 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और ट्रेंट लिमिटेड सबसे ज्यादा नुकसान में, जबकि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अडानी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो और इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड में फायदे में रहे।

सेक्टर के हिसाब से देखें तो, पब्लिक सेक्टर बैंकिंग शेयरों को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स कमजोर रहे। आईटी, प्राइवेट सेक्टर बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, एफएमसीजी, पावर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट फायदे में, जबकि जापान का निक्केई गिरावट के साथ बंद हुआ।

यूरोप के बाजार सोमवार को गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार भी शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए। लगातार कई दिनों तक भारी बिकवाली के बाद, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध खरीदार बन गए। उन्होंने लगभग एक हजार 166 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *