Akka: अभिनेत्री कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे की 1980 के दशक पर आधारित गैंगस्टर सीरीज ‘अक्का’ का प्रीमियर 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर होगा। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने शनिवार को ये घोषणा की। वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह सीरीज पेरनुरु नाम के एक काल्पनिक साम्राज्य की कहानी है, जिसे कई पीढ़ियों से महिलाओं ने बनाया, चलाया और सुरक्षित रखा है।
कहानी में कीर्ति सुरेश ने भवानी और राधिका आप्टे ने रुद्रा की भूमिका निभाई है। दोनों मजबूत इरादों वाली महिलाएं हैं, जिनके अलग-अलग नजरिये और आपसी प्रतिद्वंद्विता साम्राज्य में सत्ता की दिशा तय करते हैं। धर्मराज शेट्टी ने सीरीज की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है। बतौर फिल्मकार ये उनका पहला प्रोजेक्ट है।
शनिवार को नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज का टीजर भी जारी किया, जो कीर्ति सुरेश के 34वें जन्मदिन के मौके पर आया। कीर्ति ‘नेनु शैलजा’, ‘राजिनीमुरुगन’, ‘सरकार’, ‘पेंगुइन’, ‘सानी कायिधम’, ‘सरकारू वारी पाटा’, ‘दसरा’ और ‘बेबी जॉन’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने 2018 की बायोपिक ड्रामा “महानटी” में अभिनेत्री सावित्री का किरदार निभाने के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री’ का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था।
‘अक्का’ नेटफ्लिक्स और वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के साथ उनकी पहली सीरीज है। कीर्ति ने एक बयान में कहा, “हर साल दर्शकों से मिलने वाला प्यार मेरे जन्मदिन को बेहद खास बनाता है। ‘अक्का’ के टीजर के साथ इस दिन को मनाना मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि ये प्रोजेक्ट मेरे दिल के बेहद करीब है। भवानी उन सबसे अनोखे और यादगार किरदारों में से एक है, जिन्हें निभाने का मुझे मौका मिला है।”
राधिका आप्टे के साथ काम करने के अनुभव पर उन्होंने कहा कि दोनों के किरदार कहानी में दिलचस्प समीकरण पैदा करते हैं। नेटफ्लिक्स की ‘सेक्रेड गेम्स’, ‘घोल’, ‘लस्ट स्टोरीज’ और ‘रात अकेली है’ जैसी परियोजनाओं में काम कर चुकीं राधिका ने रुद्रा को एक दिलचस्प किरदार बताया, जो अपने विश्वासों और आसपास की दुनिया को चुनौती देने की प्रवृत्ति से प्रेरित है।
उन्होंने कहा, “इस सीरीज की जिस बात ने मुझे आकर्षित किया, वो थी इसके किरदारों की जटिलता और उनके अलग-अलग दृष्टिकोणों से पैदा होने वाला तनाव। पिछले कुछ साल में नेटफ्लिक्स के साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम करने के दौरान, मुझे कुछ अनोखी कहानियों का हिस्सा बनने का मौका मिला है और ‘अक्का’ इस जुड़ाव में एक और दिलचस्प कड़ी है।”
राधिका ने कहा कि इतने परतदार किरदारों वाली कहानी के लिए वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के साथ काम करना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक रुद्रा और उसकी कहानी के अलग-अलग पहलुओं को पसंद करेंगे। इस सीरीज के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा, योगेंद्र मोगरे और अक्षय विधानी हैं। इसमें तन्वी आजमी भी नजर आएंगी।