IPL: श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने ने पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल समाप्त कर दिया है। फ्रेंचाइजी नेउनके पद छोड़ने की पुष्टि की, 49 वर्षीय जयवर्धने ने अपने पहले कार्यकाल में मुंबई इंडियंस को तीन खिताब जिताए थे। 2025 सीजन से पहले वे फिर से टीम के हेड कोच बने थे, जो उनका दूसरा कार्यकाल था।
इससे पहले वह 2017 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के कोच रहे थे। मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने एक बयान में कहा, “महेला ने पिछले कई वर्षों में मुंबई इंडियंस के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरे लगाव का हमारे लिए बहुत मायने रखता है।” उन्होंने कहा, “पूरे मुंबई इंडियंस परिवार की ओर से मैं महेला को उनके शानदार योगदान और सालों से टीम के प्रति उनकी अटूट समर्पण के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।”
उन्होंने कहा, “हम उस सफर को हमेशा याद रखेंगे जो हमने साथ तय किया है और उन यादों को भी जो हमने मिलकर बनाई हैं। महेला हमेशा हमारे ‘वन फैमिली’ का हिस्सा रहेंगे, और हम उनके आगे के सफर के लिए उन्हें ढेर सारी खुशियों और सफलता की शुभकामनाएं देते हैं।”
वही, जयवर्धने ने टीम के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए, फ्रेंचाइजी और उसके मालिकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, “मुंबई इंडियंस एक दशक से भी ज्यादा समय से मेरे सफर का बहुत खास हिस्सा रही है। खिलाड़ी, कोचिंग टीम, ‘वनफैमिली’ का शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने इस अनुभव को ऐसा बना दिया है, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। हमने साथ मिलकर कुछ यादगार पल बिताए, चुनौतियों का सामना किया और कुछ ऐसा बनाया, जिस पर हम सभी गर्व कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं श्रीमती नीता अंबानी और आकाश अंबानी को सालों से मुझ पर भरोसा करने, साथ देने और दोस्ती निभाने के लिए दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। हमने जो कुछ हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है। मुंबई इंडियंस हमेशा मेरे दिल में एक खास जगह रखेगी। मैं आने वाले सालों के लिए टीम को हर सफलता की शुभकामना देता हूं।”
जयवर्धने ने श्रीलंका को 2007 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाया था। मुख्य कोच के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस को 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जिताया था। वह 2025 सीजन से पहले इस भूमिका में लौटे थे। उन्होंने मार्क बाउचर की जगह ली थी। इससे पहले वह 2022 से 2024 तक फ्रेंचाइजी के ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस के रूप में काम कर चुके थे।
जयवर्धने ने मुंबई इंडियन की दूसरी फ्रेंचाइजी टीमों की भी जिम्मेदारी संभाली थी। इनमें आईएलटी20 की मुंबई इंडियन एमिरेट्स, मेजर लीग क्रिकेट की मुंबई इंडियन न्यूयॉर्क और एसए20 की मुंबई इंडियन केप टाउन शामिल हैं। 2025 आईपीएल में मुंबई इंडियन चौथे स्थान पर रही और फिर क्वालीफायर दो हार गई। 2026 में उनका प्रदर्शन और भी खराब रहा, जहां पांच बार की चैंपियन टीम नौवें स्थान पर रही। 15 नवंबर को आईपीएल रिटेंशन की समय-सीमा (डेडलाइन) आने में अब एक महीने से भी कम समय बचा है, ऐसे में मुंबई इंडियंस को एक नया हेड कोच खोजना होगा, नीलामी दिसंबर के मध्य में गोवा में होने की उम्मीद है।