UPFSDA: रेलवे-एयरलाइंस के खाने पर यूपीएफएसडीए का शिकंजा, 978 किलो राइस क्रम्ब्स जब्त

UPFSDA: रेलवे और हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने शुद्ध ही शुभ अभियान के अंतर्गत कैटरिंग इकाइयों के खिलाफ व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चलाए गए इस अभियान के दौरान रेलवे कैटरिंग की 41 और एयरलाइंस को खाद्य आपूर्ति करने वाली दो इकाइयों समेत कुल 43 इकाइयों का निरीक्षण किया गया। जांच में स्वच्छता, खाद्य भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई, पेयजल परीक्षण, पेस्ट कंट्रोल और अनिवार्य अभिलेखों के रखरखाव में गंभीर कमियां सामने आईं। कार्रवाई के दौरान लखनऊ में एक बेस किचन का संचालन तत्काल बंद कराया गया, सहारनपुर में एक प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की गई और कानपुर नगर में 978 किलोग्राम राइस क्रम्ब्स जब्त किए गए। खाद्य पदार्थों के 26 विधिक नमूने भी लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

स्वच्छता से लेकर खाद्य भंडारण तक, 30 इकाइयों में मिलीं खामियां

विभाग की टीमों ने लखनऊ, सहारनपुर, कानपुर नगर, आगरा, चंदौली, गोरखपुर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी, बरेली और झांसी में रेलवे कैटरिंग से जुड़े बेस किचन एवं खाद्य भंडारण परिसरों की जांच की। इनमें 30 रेलवे कैटरिंग इकाइयों में साफ-सफाई, जल परीक्षण रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल, स्टॉक रजिस्टर और खाद्य पैकेजिंग सामग्री के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र से संबंधित कमियां पाई गईं। इन इकाइयों के विरुद्ध सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई।

लखनऊ में अस्वच्छ बेस किचन बंद, सहारनपुर में पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई

लखनऊ के ऐशबाग क्षेत्र में मैसर्स चंद्र मौली मिश्रा की बेस किचन में गंभीर अस्वच्छ परिस्थितियां और पेस्ट एवं रोडेंट की मौजूदगी मिलने पर जनस्वास्थ्य के मद्देनजर उसका संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। सहारनपुर में मोंटी कुमार पुत्र देवी शरण के प्रतिष्ठान पर अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं भंडारण पाए जाने पर खाद्य पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की गई।

कानपुर में 978 किलो राइस क्रम्ब्स जब्त

कानपुर नगर में आर.के. एसोसिएट्स एंड होटेलिएर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिष्ठान पर बिना लेबल तथा निर्माण एवं प्रयोग की तिथि के उल्लेख के रखे गए 978 किलोग्राम राइस क्रम्ब्स जब्त किए गए। जब्त सामग्री को खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में रखा गया। इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान 26 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। कुछ प्रतिष्ठान निरीक्षण के समय बंद पाए गए।

एयरलाइंस कैटरिंग पर भी कार्रवाई, कमियां दूर करने के निर्देश

लखनऊ और वाराणसी हवाई अड्डों पर एयरलाइंस को खाद्य आपूर्ति करने वाली इकाइयों का भी निरीक्षण किया गया। दोनों हवाई अड्डों पर प्रदीप एयरकैटरर द्वारा खाद्य आपूर्ति की जाती है। जांच के दौरान कुछ कर्मचारियों द्वारा शू कवर एवं मास्क का इस्तेमाल नहीं किए जाने, आवश्यक अभिलेखों और प्रमाणपत्रों की अनुपलब्धता तथा लेबलिंग से जुड़ी कमियां सामने आईं। साथ ही वेज और नॉन वेज के लिए बर्तनों का भी चिन्हांकन नहीं किया गया था। संबंधित इकाइयों को कमियां दूर करने के लिए सुधार सूचना जारी की गई।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का जोर खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने और यात्रियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता बनाए रखने पर है। निरीक्षण अभियान के माध्यम से विभाग ने स्पष्ट किया कि कैटरिंग इकाइयों में स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा संबंधी अनिवार्य प्रावधानों की अनदेखी पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *