Jhumka Patola: आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘झुमका पटोला’ रिलीज कर दिया है, इस गाने में शरवरी के शानदार डांस मूव्स और उनकी दिलकश अदाएं देखने को मिल रही हैं।
जोश से भरपूर बीट्स और आकर्षक संगीत वाला यह ट्रैक शरवरी को अपनी डांसिंग प्रतिभा दिखाने का मौका देता है। गाने में उनके एक्सप्रेसिव मूव्स और सहज स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों का ध्यान खींचते हैं। ‘झुमका पटोला’ के जरिए शरवरी ने डांस के प्रति अपने प्यार को बखूबी जाहिर किया है, जो फिल्म के म्यूजिकल सफर में एक खुशनुमा और जश्न भरा रंग जोड़ता है।
एक बयान में शरवरी ने बताया कि सूरज बड़जात्या के साथ काम करने का अनुभव सिर्फ कोरियोग्राफी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके लिए गाने का हर मूवमेंट और एक्सप्रेशन कहानी से जुड़ा होता है। शरवरी ने कहा, “मुझे हमेशा से डांस करना पसंद रहा है, लेकिन सूरज सर के साथ कोई गाना कहानी में इतनी गहराई से जुड़ा होता है कि उसे सिर्फ एक डांस परफॉर्मेंस के तौर पर नहीं देखा जा सकता। ‘झुमका पटोला’ की शूटिंग के दौरान वह मुझे समझाते थे कि वह पल मेरे किरदार के लिए क्या मायने रखता है। वह अपने पुराने गानों से जुड़े किस्से भी साझा करते थे। मैंने हर स्टेप और एक्सप्रेशन में उन बातों को शामिल करने की कोशिश की।”
उन्होंने आगे कहा, “डांस की अपनी एक भाषा होती है और कभी-कभी कोई गाना वह सब कह जाता है, जो एक सीन नहीं कह पाता। कुछ गाने सालों तक हमारे साथ रहते हैं, क्योंकि वे उन किरदारों और पलों का हिस्सा बन जाते हैं जिन्हें हम याद रखते हैं। ‘झुमका पटोला’ ने मुझे डांस के प्रति अपने प्यार को एक नए अंदाज में तलाशने का मौका दिया है। फिल्म के टाइटल ट्रैक ‘ये प्रेम मोल लिया’ को मिले प्यार के बाद अब मैं दर्शकों के इस नए गाने को देखने का इंतजार नहीं कर सकती।” फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में हिमेश रेशमिया का संगीत है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।