Vidya Balan: अभिनेत्री विद्या बालन ऑस्ट्रेलिया में होने वाले पहले ‘पर्थ भारतीय फिल्म महोत्सव’ में मुख्य अतिथि होंगी। ये महोत्सव 22 से 24 जनवरी, 2027 के बीच आयोजित किया जाएगा, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय सिनेमा के लिए ये एक अहम पड़ाव है। इस महोत्सव के जरिए पहली बार पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के दर्शकों को भारतीय सिनेमा की विविधता, समृद्धि और कहानी कहने की परंपराओं से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘पर्थ भारतीय फिल्म महोत्सव’ की शुरुआत उसी टीम ने की है, जो ‘मेलबर्न भारतीय फिल्म महोत्सव’ (आईएफएफएम) और ‘सिडनी भारतीय फिल्म महोत्सव’ (आईएफएफएस) का आयोजन करती है। बता दें कि ‘मेलबर्न भारतीय फिल्म महोत्सव’ भारत के बाहर भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है।
आयोजकों ने कहा, “भारतीय फिल्म महोत्सव को पर्थ लाना हमारे लिए एक बहुत ही खास उपलब्धि है। मेलबर्न और सिडनी में भारतीय सिनेमा के लिए मंच तैयार करने के बाद, अब हम इस उत्सव को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया लेकर आए हैं। हमें खुशी है कि इसके जरिए हम वहां के दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों के एक नए समुदाय से जुड़ सकेंगे।”
महोत्सव निदेशक मितु भौमिक लांगे एएम ने कहा, “सिनेमा में लोगों को एक साथ लाने, सीमाओं के पार जाने और एक-दूसरे के बारे में गहरी समझ पैदा करने की अद्भुत क्षमता है। हम अपने पहले संस्करण में मुख्य अतिथि के रूप में विद्या बालन का स्वागत करते हुए बहुत उत्साहित हैं। हम एक ऐसा महोत्सव आयोजित करने के लिए उत्सुक हैं, जो भारतीय कहानी-कहने की असाधारण विविधता का जश्न मनाए और साथ ही भारत और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के बीच सार्थक सांस्कृतिक संबंध स्थापित करे।”
इस महोत्सव की घोषणा हाल ही में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के प्रीमियर, माननीय रोजर कुक एमएलए की भारत यात्रा के दौरान की गई थी, जो इन दोनों क्षेत्रों के बीच बढ़ते सांस्कृतिक और रचनात्मक संबंधों को दर्शाती है।