Pakistan: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने ये जानकारी दी, ये हादसा सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर उस समय हुआ जब ट्रेन कराची से पेशावर जा रही थी। बचाव अधिकारियों ने बताया कि ‘रहमान बाबा एक्सप्रेस’ की सभी 14 बोगियां मुल्तान में शेर शाह पुल के पास पटरी से उतर गईं।
‘जियो न्यूज’ ने पुलिस और राहतकर्मियों के हवाले से खबर में बताया कि घायलों को इलाज के लिए मुल्तान के निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दुर्घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और लगभग 30 लोग घायल हुए हैं। यात्री ने संवाददाताओं से कहा कि दुर्घटना से पहले रोहरी के पास कर्मचारियों ने बोगी नंबर-नौ के नट-बोल्ट की मरम्मत की थी।
‘जियो न्यूज’ की खबर के अनुसार इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और ये भी अभी स्पष्ट नहीं है कि इस मरम्मत का ट्रेन के पटरी से उतरने से कोई संबंध था या नहीं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।