JNU के बर्खास्त प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद पर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यह FIR 11 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर दर्ज की गई थी।

अकोइजम जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर थे। उन पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद 9 अक्टूबर को उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रोफेसर के पद से हटा दिया गया था। हालांकि, अकोइजम ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। छात्राओं का आरोप था कि प्रोफेसर मीटिंग या किसी कार्यक्रम के बहाने उन्हें कैंपस में अपने घर बुलाते थे और उनके साथ यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोफेसर क्लास में अश्लील और अनुचित बातें करते थे।

पुलिस के मुताबिक, जेएनयू के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत के आधार पर इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अकोइजम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में रविवार को कांग्रेस सांसद अकोइजम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत दर्ज किया गया है। ये धाराएं यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसे अपराधों से जुड़ी हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

शुक्रवार को अपनी बर्खास्तगी पर प्रतिक्रिया देते हुए अकोइजम ने इस कार्रवाई को साजिश के तहत निशाना बनाना बताया। उन्होंने कहा कि समिति ने जो निष्कर्ष निकाले, उन पर अपना पक्ष रखने का उन्हें मौका नहीं दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *