Delhi Rain: दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कुछ हिस्सों में सुबह भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम बेहद ठंडा हो गया। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘रेड’ अलर्ट जारी किया।
बारिश से राजधानी में मौसम ठंडा हो गया लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे तक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे पर 30 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग ने सुबह नौ बजे तक दिल्ली में गरज के साथ तूफान, बिजली कड़कने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की चेतावनी देते हुए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है। आर के पुरम, कर्तव्य पथ और मध्य, दक्षिण-पूर्वी तथा पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई।
बारिश के बाद हवा में ठंडक घुल गई है और न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। लोगों को अब ठंड का अहसास होने लगा है, जो कि इस मौसम में सामान्य है। यह मौसमी बदलाव भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुरूप है। हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा था, जिसमें कभी तेज गर्मी तो कभी हल्की बूंदाबांदी शामिल थी।