Kedarnath: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दिनों में उत्तराखंड दौरे पर आने की संभावनाएं जताई जा रही हैं, इस संभावित दौरे को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा केदारनाथ के दर्शन करने भी पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बाबा केदारनाथ से विशेष लगाव रहा है। वह कई बार केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। खासतौर पर केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के अवसर पर भी प्रधानमंत्री का यहां पहुंचने का कार्यक्रम रहा है। ऐसे में इस बार भी उनके केदारनाथ धाम पहुंचने की संभावनाओं को देखते हुए शासन-प्रशासन के साथ ही मंदिर समिति तैयारियों में जुटी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव किसी से छिपा नहीं है।
केदारनाथ धाम के पुनर्विकास से लेकर धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों तक, प्रधानमंत्री का बाबा केदारनाथ से गहरा जुड़ाव रहा है। यही वजह है कि उनके संभावित दौरे को लेकर प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं में भी उत्सुकता बनी हुई है। वहीं, बद्री-केदार मंदिर समिति भी प्रधानमंत्री के स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह तैयार रहने का प्रयास कर रही है। बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को उत्तराखंड के लिए सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रदेश के प्रति लगातार स्नेह और लगाव रहा है। उनके संभावित कार्यक्रम को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। शासन-प्रशासन के स्तर पर भी व्यवस्थाओं को लेकर प्रयास जारी हैं। मंदिर समिति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए तत्पर है और प्रधानमंत्री के आगमन तथा बाबा केदारनाथ के दर्शन को लेकर उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रही है।