India: भारत और कोटे डी आइवर ने रक्षा और आतंकवाद-रोधी सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की

India:  भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कोटे डी आइवर के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री टेने बिराहिमा ओट्टारा से मुलाकात की, इस दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा और आतंकवाद के ख‍िलाफ सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को घाना के बाद कोटे डी आइवर पहुँचे। यह उनके तीन अफ्रीकी देशों के दौरे का दूसरा पड़ाव है। इस दौरे में इथियोपिया भी शामिल है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आबिदजान में कोटे डी आइवर के उप-प्रधानमंत्री टेने बिराहिमा ओट्टारा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और कोटे डी आइवर के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हमने आपसी भरोसे, क्षमता निर्माण और साझा हितों पर आधारित अपनी बढ़ती रक्षा साझेदारी पर बात की।”

उन्होंने कहा, “हमने रक्षा और आतंकवाद विरोधी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के मौकों पर विचार साझा किए। इसमें ट्रेनिंग, क्षमता निर्माण और दोनों देशों की संस्थाओं के बीच संपर्क बढ़ाना भी शामिल है।” कोटे डी आइवर के रक्षा मंत्री ओआटारा ने कहा कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उनकी बातचीत दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित रही। उन्होंने कहा कि भारत और कोटे डी आइवर शांति, सुरक्षा और विकास के लिए अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इससे पहले जयशंकर ने कोटे डी आइवर की विदेश मामलों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री नियाले काबा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और कोटे डी आइवर के रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा की। बातचीत में व्यापार, बुनियादी ढांचे, कृषि और स्वास्थ्य सेवाओं पर खास तौर पर चर्चा हुई।
जयशंकर ने कहा कि उन्होंने नियाले काबा के साथ भारत और कोटे डी आइवर के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की। बातचीत में व्यापार, निवेश और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को कोटे डी आइवर की जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने बहुपक्षीय मंचों पर अपने जुड़ाव को और गहरा करने पर भी चर्चा की। अदीस अबाबा में जयशंकर ‘रीजनल हेड्स ऑफ मिशन’ सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। इसमें अफ्रीकी क्षेत्र में तैनात भारत के राजदूतों के शामिल होने की उम्मीद है।

घाना में जयशंकर ने भारत और घाना के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों देशों ने फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य, खनन, रक्षा, रेलवे और डिजिटल क्षेत्र जैसे नए क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि जयशंकर की अफ्रीकी देशों की यात्रा भारत की अफ्रीका के साथ साझेदारी को और मजबूत करने की कोशिश का हिस्सा है। मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के साथ भारत के सहयोग और एकजुटता को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *