Lucknow: हर फरियादी की सुनी शिकायत, कार्रवाई के निर्देश

Lucknow: आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के तहत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों से मुलाकात की। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर संवाद कर प्रत्येक मामले में पात्रता एवं नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में इलाज, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर लोग पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने फरियादियों की बात को केवल सुनने तक सीमित न रखते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की गंभीरता के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को शासन की योजनाओं और नियमों के तहत मिलने वाली सहायता समय से उपलब्ध होनी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनके निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जाए। जिन मामलों में विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता हो, वहां आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादी को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

पारदर्शिता और जवाबदेही हो सुनिश्चित
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए। पात्र व्यक्ति को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार फरियादियों को कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। शासन की योजनाओं और व्यवस्थाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई हो।

समस्या समाधान के लिए लगातार कर रहे कार्य
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से लेते हुए न्यायसंगत, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। जनता दर्शन में आए लोगों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उपमुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि पात्रता और नियमानुसार उनके प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *