Piyush Goyal: वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बीमा कंपनियों, प्रौद्योगिकी और निवेश क्षेत्र की कंपनियों के प्रमुखों से मुलाकात की और उनसे अपने-अपने क्षेत्रों में भारत में उपलब्ध अवसरों पर गौर करने का आह्वान किया। गोयल ने न्यूयॉर्क में एआईए ग्रुप के चेयरमैन मार्क टकर, मेटलाइफ के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मिशेल ए. खलाफ, जनरल अटलांटिक के चेयरमैन विलियम ई. फोर्ड और आईबीएम के चेयरमैन और सीईओ अरविंद कृष्णा से मुलाकात की।
वाणिज्य मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एआईए ग्रुप के गैर-कार्यकारी चेयरमैन मार्क टकर से मुलाकात की। एआईए एशिया के सबसे बड़े जीवन बीमा समूहों में से एक है। भारत में एआईए की गतिविधियों और बीमा एवं वित्तीय सेवा क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई।’’ मंत्री ने कहा कि व्यापक नियामकीय सुधारों और बीमा कवरेज की बढ़ती मांग के साथ भारत वैश्विक बीमा कंपनियों को दीर्घकालिक वृद्धि के लिए एक आदर्श मंच प्रदान करता है। ये ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ की राष्ट्रीय परिकल्पना के अनुरूप है।
गोयल ने मेटलाइफ के अध्यक्ष और सीईओ खलाफ से भी मुलाकात की और भारत में कंपनी की वृद्धि के अवसरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने कहा, ‘‘भारत का तेजी से बढ़ता बीमा और वित्तीय सेवा क्षेत्र, दीर्घकालिक बचत और सुरक्षा की बढ़ती मांग और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली लोगों की उपलब्धता सहयोग मजबूत करने के लिए शानदार अवसर प्रदान करती है।’’
मंत्री ने कहा, ‘‘हम उनके साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने और भारत में उनके विस्तार में सहयोग देने के लिए उत्सुक हैं।’’ गोयल ने जनरल अटलांटिक के चेयरमैन और सीईओ फोर्ड के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि भारत के साथ जनरल अटलांटिक के कारोबारी एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने और देश के साथ जुड़ाव बढ़ाने के अवसरों पर फोर्ड के साथ चर्चा की।
इसमें भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था से पैदा हो रहे अवसरों का लाभ उठाने पर भी चर्चा हुई। गोयल ने आईबीएम के चेयरमैन एवं सीईओ कृष्णा के साथ भी ‘‘अच्छी बैठक’’ की। उन्होंने भारत में आईबीएम की लंबे समय से मौजूदगी को और मजबूत करने और कृत्रिम मेधा (एआई), क्लाउड बुनियादी ढांचे, क्वांटम कंप्यूटिंग और कई अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
इसमें भारत की बड़ी प्रतिभा क्षमता और तेजी से बढ़ते डिजिटल इस्तेमाल का लाभ उठाकर दुनिया के लिए समाधान विकसित करने और उन्हें बड़े स्तर पर पहुंचाने पर जोर दिया गया, गोयल जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका पहुंचे थे, उन्होंने शिकागो में अमेरिकी कारोबारियों से मुलाकात की और भारतीय समुदाय को भी संबोधित किया।