Dehradun: देहरादून के कुआंवाला में भारतीय जनता पार्टी की संयुक्त मोर्चा व प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है, बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज के साथ संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद हैं। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, दीप्ति रावत सहित विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए हैं।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर चर्चा की जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिहाज से भी इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी अरविंद मेनन के अनुभव को लेकर कहा कि दोनों नेताओं का संगठन और राजनीति के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। उन्होंने कहा कि राम माधव ने देश के अलग-अलग राज्यों में संगठन के लिए काम किया है और पूर्वोत्तर राज्यों में भी उनका व्यापक अनुभव रहा है। उनके अनुभव से भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी और संगठन को मजबूती मिलेगी।
सीएम धामी ने बांसुरी स्वराज का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वह एक शानदार वकील रही हैं और जनसेवा के क्षेत्र में भी उनका लंबा अनुभव है। उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारियों के आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है और निश्चित रूप से इसका लाभ संगठन के विस्तार में मिलेगा।