Stock market: शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 570 अंक गिरा

Stock market: बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी फंड की लगातार निकासी, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और कच्चे तेल की कीमतों में अचानक उछाल ने निवेशकों पर बुरा असर डाला। 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 570.59 अंक या 0.79 प्रतिशत गिरकर 71,909.70 पर बंद हुआ। सत्र के दौरान, ये 1,187.41 अंक या 1.63 प्रतिशत गिरकर 71,292.88 पर आ गया था। 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 198.50 अंक या 0.88 प्रतिशत गिरकर 22,421.95 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, आईटीसी, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से गिरावट वाली कंपनियों में शामिल थीं। इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और एचडीएफसी बैंक बढ़त बनाने वाली कंपनियों में थे।एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 10,148.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.77 प्रतिशत बढ़कर 100.8 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बाजार के जानकार शरद कोहली ने कहा, “बाजार पर होर्मुज जलडमरूमध्य में गतिरोध, ईरान-अमेरिका युद्ध, बढ़ती यील्ड, महंगाई का डर और कच्चे तेल की कीमतों जैसे सभी कारकों का असर है। आग में घी का काम एफआईआई की लगातार बिकवाली कर रही है। सितंबर में उन्होंने भारतीय शेयर बाजारों से 46,000 करोड़ रुपये की बिकवाली की। कुल मिलाकर मुझे लगता है कि मार्केट ऑपरेटर्स, निवेशक और ट्रेडर्स लगभग निराश हैं, ये सोचकर कि हालात कब बदलेंगे, कब सुधार के संकेत मिलेंगे। इस समय इस मुश्किल दौर से बाहर निकलने के लिए हमें सचमुच एक बड़े पॉजिटिव ट्रिगर की जरूरत है।”

एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 इंडेक्स तेजी के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए। बुधवार को सेंसेक्स 48.78 अंक या 0.07 प्रतिशत गिरकर 72,480.29 पर और निफ्टी 95.75 अंक या 0.42 प्रतिशत गिरकर 22,620.45 पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *