Yami Gautam: राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद कलाकार के रूप में जिम्मेदारी बढ़ गई है- यामी गौतम

Yami Gautam: अभिनेत्री यामी गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतना आपके काम को एक सच्ची पहचान दिलाता है और इससे बेहतर और विविध भूमिकाएं चुनने की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। अभिनेत्री को पिछले महीने फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।

वह आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नयी नवेली’ में एक रहस्यमयी नवविवाहिता की भूमिका निभा रही हैं, जिसके पास अलौकिक शक्तियां हैं। गौतम ने फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार बहुत बड़ा सम्मान है। मुझे लगता है कि यह हमारे देश में सभी भाषाओं और सभी प्रारूपों में काम करने वाले किसी भी कलाकार के काम को मिलने वाली सच्ची पहचान है और मैं इसे पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करती हूं। अगर मैं यह कहूं कि नहीं, कुछ भी नहीं बदला है, तो मैं शायद झूठ बोल रही होंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक कलाकार और अभिनेत्री के तौर पर अब मेरी जिम्मेदारी बढ़ गई है कि मैं और अधिक विविधता वाले काम करूं, अधिक मेहनत करूं और आप सभी ने मुझ जैसी छोटे शहर से आने वाली कलाकार पर जो प्यार और सम्मान बरसाया है, उसे बनाए रखूं और अर्जित करती रहूं। मुझे अब भी लगता है कि मुझे अभी बहुत आगे जाना है। मुझे बहुत कुछ सीखना है।’’

बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी यह पारिवारिक मनोरंजक फिल्म एक ऐसी नवविवाहिता की कहानी है, जो मेरठ के एक उथल-पुथल भरे परिवार को स्वर्ग जैसा बना देती है, लेकिन उसके देवर को शक होता है कि वह वास्तव में ‘जादू टोना’ करने वाली महिला है। यह पूछे जाने पर कि क्या राष्ट्रीय पुरस्कार ने उन्हें ऑस्कर जैसे अंतरराष्ट्रीय सम्मान पाने के लिए प्रेरित किया है, गौतम ने कहा कि वह अपने सपनों को सार्वजनिक नहीं करतीं। उन्होंने कहा, ‘‘आपके सपनों के बारे में सिर्फ आपको पता होना चाहिए। मैं ज्यादा बात नहीं करती। मुझे अपने काम पर विश्वास है। जब आपका काम ही आपकी बात और आपकी अभिव्यक्ति हो, तो आपको कुछ कहने की जरूरत नहीं होती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अब भी जमीन से जुड़ी हुई हूं। मैंने जीवन में एक बात सीखी है कि सफलता आती-जाती रहेगी, लेकिन आपकी विनम्रता आपके हाथ में है।’’ ‘नयी नवेली’ की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के कलाकारों के साथ काम करने के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा कि वह हमेशा से मानते रहे हैं कि फिल्म उद्योग को ‘‘यह दक्षिण है, यह उत्तर है, बॉलीवुड है, टॉलीवुड है’’ के आधार पर विभाजित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम सभी भारतीय हैं और हमें एक-दूसरे के साथ काम करना चाहिए। फिल्म में आदिनाथ एम कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो के बैनर तले बनी ‘नयी नवेली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *