Kotdwar: TET परीक्षा में मुन्ना भाई का खुलासा, उत्तराखंड बेरोजगार संघ की शिकायत पर कार्रवाई

Kotdwar:  उत्तराखंड में आज आयोजित की गई TET परीक्षा के दौरान कोटद्वार में कथित तौर पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल और उनकी टीम की शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर मामले की जांच की और एक युवक को हिरासत में लिया।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अनुसार, टीम को सुबह सूचना मिली थी कि काशीपुर निवासी अभ्यर्थी विशाल कुमार स्वयं परीक्षा देने के बजाय अपने स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को कोटद्वार के परीक्षा केंद्र में भेजकर परीक्षा दिलवा रहा है। सूचना मिलने के बाद राम कंडवाल के नेतृत्व में टीम संबंधित परीक्षा केंद्र पहुंची और स्कूल प्रबंधन को एडमिट कार्ड दिखाकर मामले की शिकायत की।

संघ का कहना है कि विशाल कुमार के संबंध में जानकारी मिली थी कि दो दिन पहले उसका एक्सीडेंट हुआ था और उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। इसके बाद टीम ने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी के चेहरे और एडमिट कार्ड में लगी फोटो का मिलान एवं पहचान की जांच की जाए। जांच के दौरान परीक्षा केंद्र में बैठे युवक के चेहरे पर दाढ़ी दिखाई दी, जबकि विशाल कुमार के चेहरे पर दुर्घटना के कारण चोट के निशान होने की जानकारी दी गई थी। पहचान को लेकर संदेह सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवक को हिरासत में लिया।

राम कंडवाल ने कहा कि नकल विरोधी कानून सहित संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। राम कंडवाल ने कहा कि प्रदेश में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और मेहनत करने वाले युवाओं के अधिकारों की रक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की नकल या फर्जीवाड़े के कारण मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि आज आयोजित TET परीक्षा में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। ऐसे में कोटद्वार में सामने आया यह मामला परीक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की पहचान जांच को लेकर भी महत्वपूर्ण सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *