Subhash Ghai: फिल्म निर्माता सुभाष घई और संगीतकार-निर्देशक मिथुन ने सोमवार को एक विशेष संगीत कार्यक्रम ‘क्या जमाना था’ की घोषणा की। यह कार्यक्रम 11 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें सुभाष घई की फिल्मों के यादगार संगीत को नए अंदाज में पेश किया जाएगा।
यह संगीत कार्यक्रम मुक्ता आर्ट्स और ईवीए लाइव की पहल है। कार्यक्रम में 70 सदस्यीय ऑर्केस्ट्रा के साथ सुभाष घई की फिल्मी विरासत को संगीत के जरिए दोबारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें उनकी लोकप्रिय फिल्मों ‘कर्ज’, ‘हीरो’, ‘राम लखन’, ‘खलनायक’, ‘परदेस’, ‘ताल’ और ‘यादें’ के चर्चित गीत शामिल होंगे।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सुभाष घई की फिल्मों से जुड़े गायक, अभिनेता और अन्य कलाकार भी इस खास कार्यक्रम में मंच पर नजर आएंगे। वे फिल्मों से जुड़ी अपनी यादें और पर्दे के पीछे के दिलचस्प किस्से दर्शकों के साथ साझा करेंगे।
कार्यक्रम का शीर्षक ‘क्या जमाना था’ फिल्म ‘कर्ज’ के लोकप्रिय गीत ‘एक हसीना थी’ की शुरुआती पंक्तियों से प्रेरित है। इस संगीत कार्यक्रम के जरिए सुभाष घई के सिनेमा और उनके यादगार संगीत को एक नए मंच पर दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है।