Mushtaq Khan: अभिनेता मुश्ताक खान के निधन पर संजय मिश्रा, राजपाल यादव और सनी देओल ने जताया दुख

 Mushtaq Khan:  अभिनेता मुश्ताक खान के निधन पर अनीस बज्मी, संजय मिश्रा, राजपाल यादव और सनी देओल समेत कई फिल्मी हस्तियों ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी। ‘वेलकम’, ‘गदर’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके मुश्ताक खान को मुंबई के उप-नगरीय इलाके स्थित नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कैंसर से जूझने के बाद गुरुवार को 75 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।

फिल्ममेकर अनीस बज्मी ने मुश्ताक खान के साथ ‘वेलकम’ में काम किया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर लिखा, “मुश्ताक भाई (मेरे बालू) के निधन की खबर से स्तब्ध और निशब्द हूं। वह एक बेहद शानदार कलाकार और अच्छे इंसान थे।” अभिनेता राजपाल यादव ने भी दिवंगत अभिनेता की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें याद किया।

राजपाल ने लिखा, “आज दोपहर मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया था। उनसे बात की, उन्होंने मुझे देखा, मुझसे हाथ मिलाया और हमारी सारी बातें सुनीं और उन पर प्रतिक्रिया भी दी।” उन्होंने आगे लिखा, “यकीन नहीं हो रहा कि जिस इंसान से दो घंटे पहले मिला, जिसका हाथ मैंने पकड़ा, वह अब हमारे बीच नहीं है। हम सभी ईश्वर के फैसले के आगे नतमस्तक हैं। मुश्ताक भाई एक लोकप्रिय इंसान और अभिनेता थे, हैं और हमेशा रहेंगे। भारी मन से उन्हें श्रद्धांजलि।”

अभिनेता सनी देओल ने भी मुश्ताक खान की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें “अच्छे इंसान और बेहतरीन अभिनेता” के रूप में याद किया। उन्होंने लिखा, “मुश्ताक खान के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।” संजय मिश्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मुश्ताक खान के साथ तस्वीर शेयर की और उन्हें याद किया।

उन्होंने लिखा, “मुश्ताक भाई, हमने हमेशा आपका हाथ पकड़कर बहुत कुछ सीखा और आज मोहसिन के पिता हमें छोड़कर चले गए। उस दुनिया में मिलते हैं। आप जहां भी हों, शांत और खुश रहें।” मुश्ताक खान के निधन की पुष्टि उनके बेटे मोहसिन ने की।

पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में मुश्ताक खान ने 500 से अधिक फिल्मों में काम किया और सहायक भूमिकाओं के जरिए काफी लोकप्रियता हासिल की। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘आशिकी’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, ‘साथी’, ‘सड़क’, ‘जुनून’, ‘गुनाह’, ‘सिर’, ‘गदर’, ‘वेलकम’ और ‘गदर 2’ समेत कई फिल्में शामिल हैं, मुश्ताक खान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *