Udta Teer: अभिनेता आयुष्मान खुराना ने बुधवार को कहा कि उन्हें अपनी आने वाली स्पाई कॉमेडी फिल्म “उड़ता तीर” में पाकिस्तानी एजेंट का किरदाक निभाने में कोई हिचकिचाहट नहीं थी। इसके लिए उन्होंने खुद को पूरी तरह से स्क्रिप्ट और निर्देशक के हवाले कर दिया था। नवोदित निर्देशक आकाश ए. कौशिक की ये फिल्म बिलाल अहमद (खुराना) नाम के एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है। वह भारत आता है, एक हादसे में अपनी याददाश्त खो देता है और गलती से खुद को भारतीय जासूस समझने लगता है।
फिल्म में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ डायलॉग के बारे में उन्होंने कहा, “ये स्क्रिप्ट का हिस्सा था। आयुष्मान खुराना ने कहा कि एक अभिनेता के तौर पर आप कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। ये एक स्पाई कॉमेडी है, देशभक्ति वाली कॉमेडी है और एक अलग तरह की फिल्म है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर उन्होंने कहा, “मैं वही करता हूं जो स्क्रिप्ट की मांग होती है, मैं निर्देशक का अभिनेता हूं। ये एक शानदार स्क्रिप्ट है।”
अभिनेता आयुष्मान खुराना ने “उड़ता तीर” जैसी अनोखी कहानी बनाने का श्रेय निर्देशक को दिया और इसे भारत की पहली देशभक्ति वाली कॉमेडी फिल्म बताया। उन्होंने कहा, “आपने स्पाई फिल्में देखी होंगी और उनका अपना अलग अंदाज होता है। लेकिन हमने ऐसी फिल्म (‘उड़ता तीर’) नहीं देखी है और ये कहानी आकाश का आइडिया है।” “थम्मा”, “आर्टिकल 15”, “अंधाधुन”, “विकी डोनर” जैसी फिल्मों के लिए मशहूर खुराना ने कहा कि वह हमेशा से “रिस्क लेने वाले” रहे हैं और अक्सर अलग-अलग जॉनर और विषयों के साथ प्रयोग करते रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, “ये सबसे मुश्किल किरदार है क्योंकि उसके आस-पास बहुत कुछ हो रहा था। मुझे बिल्कुल गंभीर चेहरा बनाए रखना था, हालांकि कई पल ऐसे भी आए जब मुझे हंसी आ रही थी लेकिन मैं हंस नहीं सकता था। जब मेरे आस-पास अफरा-तफरी मची हो, तब भी मुझे नॉर्मल रहना था।” फिल्म में खुराना के साथ अभिनेत्री सारा अली खान भी हैं। उन्होंने कहा कि वह “उड़ता तीर” की अनोखी कहानी की वजह से इसकी ओर आकर्षित हुईं।
सारा अली खान ने कहा, “जब मैंने कहानी सुनी, तो मैं इस दुनिया का हिस्सा बनना चाहती थी। ये एक अनोखी और नई तरह की फिल्म है। ये किरदार मेरी असल जिंदगी से बिल्कुल अलग है, इसलिए इसे करना मेरे लिए रोमांचक था।” फिल्म के निर्माता गुनीत मोंगा कपूर ने कहा कि “उड़ता तीर” न तो कोई स्पूफ है और न ही स्लैपस्टिक कॉमेडी।
उन्होंने कहा, “इस फिल्म में सब कुछ है। ये परिवार के साथ देखने लायक एक बेहतरीन फिल्म है, इसमें कन्फ्यूजन, प्यार, रहस्य, हंसी, भावनाएं और देशभक्ति- सब कुछ है। लेकिन ये कोई मजाकिया पैरोडी (स्पूफ) नहीं है।” इस फिल्म में कई जाने-माने कलाकार हैं, जिनमें राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नय्यर, गुलशन ग्रोवर, रघुबीर यादव, सुप्रिया पिलगांवकर, स्मिता तांबे और दिवंगत मुकुल देव शामिल हैं। खुराना ने दिवंगत अभिनेता मुकुल देव को श्रद्धांजलि दी, जिनका मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री ने उनकी प्रतिभा का पूरा इस्तेमाल नहीं किया।
उन्होंने कहा, “वह हमारे देश के सबसे होनहार और बेहतरीन कलाकारों में से एक थे। कुछ साल पहले ‘ओमेर्टा’ नाम की एक फिल्म आई थी, जो उन्हीं का आइडिया था।उन्होंने ही उसकी कहानी लिखी थी।मुझे लगता है कि उन्हें उतना काम नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। आप उन्हें आखिरी बार (‘उड़ता तीर’ में) देखेंगे, ये मुकुल देव के लिए एक तरह से विदाई और श्रद्धांजलि है।” करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचीन जैन द्वारा निर्मित फिल्म “उड़ता तीर” नौ अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।