Delhi Rain: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य तारीख से दो दिन पहले दिल्ली से लौटा

Delhi Rain: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दिल्ली से अपनी सामान्य वापसी की तारीख 25 सितंबर से दो दिन पहले ही लौट गया है। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को मॉनसून पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों, पूरी राष्ट्रीय राजधानी, उत्तर प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों से भी लौट गया।

आईएमडी ने कहा कि 1971-2019 के आंकड़ों के आधार पर, दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की सामान्य वापसी की तारीख 25 सितंबर है। पिछले साल मॉनसून 24 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी से लौटा था। आईएमडी ने बताया कि इस साल दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की शुरुआत दो जुलाई को हुई, जबकि इसकी सामान्य शुरुआत की तारीख 27 जून है।

विभाग ने बताया कि एक जून से 23 सितंबर के बीच सफदरजंग में 728.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 629.7 मिमी होती है। ये बारिश सामान्य से 16 प्रतिशत ज्यादा थी और इसे “सामान्य बारिश” की श्रेणी में रखा गया। 1961 के बाद से दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की सबसे जल्दी वापसी 1982 में हुई थी, जब ये तीन सितंबर को वापस चला गया था, जबकि सबसे देर से वापसी 2013 में हुई थी, जब ये 17 अक्टूबर को वापस गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *