Chamoli: सकंड गांव में सड़क निर्माण को लेकर तीन माह का आश्वासन

Chamoli: चमोली जिले के सकंड गांव में सड़क की मांग को लेकर आंदोलनरत ग्रामीणों को अब जल्द कार्रवाई की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण की दिशा में तीन महीने के भीतर ठोस कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया है।

बता दें कि सकंड गांव के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। लगातार मांग के बावजूद कोई सकारात्मक पहल न होने पर ग्रामीणों ने खुद ही सड़क बनाने का बीड़ा उठाया। पिछले पांच दिनों से ग्रामीण श्रमदान कर सड़क की कटिंग का काम कर रहे थे। ग्रामीणों के खुद सड़क काटने की खबर सामने आने के बाद प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। मामले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम सकंड गांव पहुंची।

गांव पहुंची टीम में डीएफओ, एसडीएम और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों से बातचीत की और सड़क निर्माण को लेकर तीन महीने के भीतर ठोस कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया।

पहली बार जिम्मेदार अधिकारियों के खुद गांव पहुंचने और लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने भी व्यवस्था को एक बार फिर मौका देने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें उम्मीद है कि आश्वासन सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगा और तीन महीने के भीतर सड़क निर्माण की दिशा में धरातल पर ठोस कार्रवाई दिखाई देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *