Asia Cup: पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका फाइनल में, भारत से होगा खिताबी मुकाबला

Asia Cup:  कप्तान फातिमा सना के नाबाद 47 रन और चार विकेट के हरफनमौला प्रदर्शन के बावजूद श्रीलंका ने महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ गेंद शेष रहते चार विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह पक्की कर ली। श्रीलंका ने पिछले एशिया कप के फाइनल में भारत को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। रविवार को फाइनल में श्रीलंका का मुकाबला भारत से होगा।

दोनों टीमें इससे पहले भी पिछले संस्करण के फाइनल में आमने-सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इस बार का फाइनल पिछले टूर्नामेंट की याद दिलाएगा।

पाकिस्तान को पांच विकेट पर 130 रन पर रोकने के बाद श्रीलंका ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए 18.4 ओवर में छह विकेट पर 134 रन बनाकर जीत दर्ज की। श्रीलंका ने दूसरे ओवर में पांच रन तक दो विकेट गंवा दिए थे और टीम 6.2 ओवर में चार विकेट पर 33 रन बनाकर संकट में थी। इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा (31 गेंद में 36 रन) और कविशा दिलहारी (33 गेंद में 33 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। यह साझेदारी टूटने के बाद निलाक्षिका सिल्वा (नाबाद 18) और कौशिनी नुथ्यांगा (नाबाद 10) ने दबाव के क्षणों में आक्रामक बल्लेबाजी की और आठ गेंद शेष रहते टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

पाकिस्तान के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ फातिमा सना ने चार विकेट लिए, लेकिन 3.4 ओवर में 38 रन भी दिए। सादिया इकबाल और उम्म-ए-हानी को एक-एक सफलता मिली। इससे पहले फातिमा ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 36 गेंद में नाबाद 47 रन की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने गुल फिरोजा (21) के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंद में 40 रन और तुबा हसन (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए 24 गेंद में 38 रन की अटूट साझेदारी की।

सलामी बल्लेबाज शवाल जुल्फिकार ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंद में 24 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए, लेकिन कप्तान चामरी अटापट्टू की गेंद पर विकेटकीपर कौशिनी ने शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।
मुनीबा अली (दो), आयशा जफर (सात) और सदफ शम्स (आठ) बल्ले से खास योगदान नहीं दे सकीं।

शवाल ने शुरुआती ओवरों और फातिमा ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर इसकी भरपाई की। पाकिस्तान की टीम 16 ओवर के बाद पांच विकेट पर 92 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन फातिमा ने गर्मी और उमस के कारण बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन जुटाए। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें कई बार फिजियो की मदद भी लेनी पड़ी। पाकिस्तान ने अंतिम पांच ओवर में 47 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से अटापट्टू और चामुंडी प्रबोधा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सुगंधिका कुमारी को एक सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *