iPhone 18: Apple ने अपने लॉन्च इवेंट में आखिरकार iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पेश कर दिए। नए मॉडल डीप ब्लैक, सिल्वर, “ग्लेशियर” और बरगंडी रंगों में उपलब्ध होंगे। दोनों फोन में कलर-मैच्ड बैक ग्लास दिया गया है। कंपनी ने इनमें नया A20 Pro चिप दिया है और दावा किया है कि इनकी बैटरी लाइफ अब तक के किसी भी iPhone में सबसे लंबी है।
लॉन्च इवेंट के दौरान Apple ने बताया कि नए iPhone Apple Intelligence और Siri AI के साथ बेहतर तरीके से काम करने के लिए तैयार किए गए हैं। Siri AI में अधिक एक्सप्रेसिव आवाजों को भी शामिल किया गया है।
2nm तकनीक पर आधारित A20 Pro चिप
The Verge के अनुसार, A20 Pro में “ब्रांड न्यू आर्किटेक्चर” का इस्तेमाल किया गया है और यह 2nm तकनीक पर आधारित है। इसमें 6-कोर CPU है, जिसमें दो “डेस्कटॉप-क्लास” सुपर कोर और चार एफिशिएंसी कोर शामिल हैं। Apple के सिलिकॉन इंजीनियरिंग ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट श्रीबालान संथानम के मुताबिक, नए 7-कोर GPU से परफॉर्मेंस में करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
फोन को ठंडा रखने के लिए iPhone 18 Pro में नई जनरेशन का वेपर चैंबर दिया गया है, जिसका सतह क्षेत्र iPhone 17 Pro में मौजूद वेपर चैंबर से तीन गुना अधिक है। Apple के हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट रिच डिन्ह के अनुसार, iPhone 18 Pro की बैटरी लाइफ पूरे दिन चलने वाली है और यह iPhone 17 Pro Max के समान बैटरी अनुभव देती है। iPhone 18 Pro में 36 घंटे और iPhone 18 Pro Max में 45 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का दावा किया गया है। कंपनी के अनुसार, केवल 15 मिनट की वायर्ड चार्जिंग से iPhone 18 Pro पर करीब 6 घंटे का वीडियो प्लेबैक मिल सकता है।
कैमरा सिस्टम में बड़ा अपग्रेड
iPhone 18 Pro में नया 48 मेगापिक्सल Fusion मुख्य कैमरा दिया गया है, जिसमें वेरिएबल अपर्चर का फीचर है। इससे यूजर्स को फोटोग्राफी में पहले की तुलना में अधिक क्रिएटिव कंट्रोल मिलेगा।
नए मॉडल में टाइम-लैप्स अब 4K रेजोल्यूशन और Dolby Vision HDR को सपोर्ट करता है। वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसमें सिनेमैटिक मोड जैसे इफेक्ट भी जोड़े जा सकते हैं। इसके अलावा, स्लो-मोशन इफेक्ट के लिए 60 फ्रेम प्रति सेकंड का सपोर्ट दिया गया है। नया Audio Mix फीचर अब म्यूजिक को भी सपोर्ट करता है। वहीं, “Pro Controls” के जरिए यूजर्स व्हाइट बैलेंस, हिस्टोग्राम, अपर्चर और शटर स्पीड को मैन्युअली एडजस्ट कर सकेंगे।
फोटो की प्रामाणिकता और AI ट्रैकिंग
Apple ने “Apple Reference Image” नाम का नया फीचर भी पेश किया है, जो iPhone 18 Pro से ली गई तस्वीर की प्रामाणिकता साबित करने में मदद करेगा। मुख्य कैमरा फोटो कैप्चर करते समय पिक्सल स्तर पर फोटो डेटा को साइन करेगा। इसके बाद Private Cloud Compute इस साइन किए गए डेटा को एक अपरिवर्तनीय इमेज में बदल देगा, जो Photos ऐप में सेव होगी। Smart Focus Tracking ऑन-डिवाइस AI मॉडल का इस्तेमाल करके विषय को ट्रैक करता है। यदि विषय फ्रेम से बाहर चला जाता है और दोबारा वापस आता है, तो यह फीचर उस पर फोकस बनाए रखने और डिटेल बरकरार रखने में मदद करेगा।
2TB तक स्टोरेज, 18 सितंबर से भारत में बिक्री
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को 256GB, 512GB, 1TB और 2TB स्टोरेज विकल्पों में पेश किया गया है। भारत में दोनों मॉडल 18 सितंबर से उपलब्ध होंगे। Apple के अनुसार, iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,199 अमेरिकी डॉलर, जबकि iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,299 अमेरिकी डॉलर है।