Vikrant Massey: बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। गडकरी ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात का एक वीडियो साझा किया, जिसमें दोनों एक साथ पोज देते नजर आए। इस दौरान उनके हाथों में गणेश प्रतिमा भी दिखाई दी।
वीडियो साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, “प्रख्यात अभिनेता श्री @vikrantmassey जी ने आज नागपुर में मुलाकात की।” विक्रांत मैसी ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर यही वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा, “आपसे मिलकर वास्तव में बहुत खुशी हुई गडकरी सर। आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों की कामना करता हूं।”
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब विक्रांत मैसी भारतीय सिनेमा में अपने काम को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो, विक्रांत मैसी हाल ही में नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द मुसाफिर कैफे’ में नजर आए थे। निर्माताओं ने इसके सीक्वल की भी घोषणा की है। इसकी अगली कड़ी में रिश्तों, भावनाओं और उन कई अनसुलझे सवालों को आगे बढ़ाया जाएगा, जिन्होंने पहले भाग में दर्शकों का ध्यान खींचा था।
निर्माताओं ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि अगला अध्याय यह सवाल उठाएगा कि क्या चंदर आखिरकार समझ पाएगा कि उसका दिल वास्तव में किसके साथ है? क्या सुधा और चंदर यह महसूस कर पाएंगे कि कुछ रिश्ते कभी पूरी तरह खत्म नहीं होते? वहीं, क्या प्रीति प्यार और साथ की नई परिभाषा गढ़ती रहेंगी?
इस सीरीज को शरण्या राजगोपाल ने बनाया और लिखा है, जबकि इसका निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है। यह दिव्य प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास के किरदारों पर आधारित है। सीरीज का निर्माण Terribly Tiny Tales (TTT) और Homemade Stories ने किया है।
‘मुसाफिर कैफे’ में विक्रांत मैसी के साथ वेदिका पिंटो, महिमा मकवाना, आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, लवलीन मिश्रा और सादिया सिद्दीकी नजर आए हैं। विक्रांत मैसी इससे पहले JioHotstar की सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में भी दिखाई दिए थे, जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली।