Cricket: तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को उनके 100वें प्रथम श्रेणी पर सम्मानित करेगा बंगाल क्रिकेट संघ

Cricket: भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) शनिवार को यहां 100 प्रथम श्रेणी मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करने पर सम्मानित करेगा। ये सम्मान समारोह एमए चिदंबरम स्टेडियम में पूर्वी क्षेत्र और दक्षिणी क्षेत्र के बीच होने वाले दलीप ट्रॉफी फाइनल से एक दिन पहले आयोजित किया जाएगा।

पूर्वी क्षेत्र के मुख्य खिलाड़ी शमी ने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मध्य क्षेत्र के खिलाफ पांच विकेट लिए थे। शमी ने अब तक 99 प्रथम श्रेणी मैच में 382 विकेट लिए हैं। किसी एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 रन देकर आठ विकेट लेना है।

सम्मान समारोह के मौके पर शमी को सीएबी अध्यक्ष सौरव गांगुली के ऑटोग्राफ वाली क्रिकेट गेंद, 100 नंबर वाली विशेष जर्सी और एक चांदी की थाली भेंट की जाएगी। शमी को सीएबी के कोषाध्यक्ष संजय दास सम्मानित करेंगे। दास ने पीटीआई से कहा, ‘‘शमी बंगाल क्रिकेट का गौरव और महान खिलाड़ी हैं। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पूरी होने पर राज्य संघ की ओर से उनके लिए ये एक छोटा सा सम्मान है।’’

शमी फिलहाल भारतीय राष्ट्रीय टीम से बाहर हैं और उन्होंने मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। ये अनुभवी तेज गेंदबाज हालांकि घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं और राष्ट्रीय टीम में वापसी की कवायद में लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *