Delhi Airport: राष्ट्रीय राजधानी में दोपहर हुई भारी बारिश के कारण दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 के पहुंच मार्गों और बाहरी क्षेत्र में जलभराव हो गया। एक सूत्र ने बताया कि दोनों टर्मिनल के अंदर भी अधिक मात्रा में पानी जमा हो गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने शुक्रवार शाम सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दोपहर को हुई भारी बारिश के कारण टर्मिनल के पहुंच मार्ग और बाहर के क्षेत्रों में पानी जमा हो गया।
डायल ने कहा, ‘‘जमा हुए पानी को कुछ समय के भीतर ही हटा दिया गया।’’ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को अचानक काले बादल छा गए और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई।
इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने आज शाम तक तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।