Trisha: अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म में आएंगी नजर

Trisha:  दक्षिण की मशहूर स्टार तृषा कृष्णन एक साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म में नजर आएंगी, जिसे जाने-माने फिल्म निर्माता राजा कृष्ण मेनन निर्देशित करेंगे। इस फिल्म में राधिका सरथकुमार और अपर्णा बालमुरली भी अहम भूमिकाओं में हैं।

बिना नाम वाली इस फिल्म की शूटिंग लंदन में शुरू हो गई है और अभी मुख्य फिल्मांकन (प्रिंसिपल फोटोग्राफी) चल रहा है। मेनन, जिन्होंने अक्षय कुमार की “एयरलिफ्ट”, सैफ अली खान के साथ “शेफ” और ईशान खट्टर की “पिप्पा” को निर्देशित किया है, अपनी पहली तमिल फिल्म में तीन दिग्गज कलाकारों को निर्देशित करने को लेकर उत्साहित हैं।

मेनन ने कहा, “किसी ने एक बार मुझे बहुत सही ढंग से ‘जॉनर एग्नोस्टिक’ (किसी एक जॉनर तक सीमित न रहने वाला) कहा था और ये फिल्म उसी सफर में एक और खोज है। ये कहानी कई मायनों में मेरे लिए पहली बार है– तमिल में मेरी पहली फिल्म, मेरी पहली साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म और पूरी तरह से महिलाओं पर केंद्रित मेरी पहली कहानी।”

निर्देशक ने एक बयान में कहा, “इसके साथ ही त्रिशा कृष्णन, राधिका मैम, अपर्णा बालमुरली, शानदार कलाकार और बेहतरीन क्रू के साथ काम करने का मौका मिलना भी एक खास बात है।” इस फिल्म के साथ पैनोरमा स्टूडियोज तमिल सिनेमा में कदम रख रहा है। इस स्टूडियो ने ‘ओमकारा’, ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी, ‘रेड’ और ‘शैतान’ जैसी हिंदी फिल्में बनाई हैं। पैनोरमा स्टूडियोज के संस्थापक और चेयरमैन कुमार मंगत पाठक ने कहा कि वे तमिल सिनेमा में कदम रखने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि तमिल सिनेमा अपनी बोल्ड, ओरिजिनल और संस्कृति से जुड़ी कहानियों के लिए जाना जाता है।

निर्माता ने कहा, “ये एक खास जॉनर की फिल्म है जिसकी कहानी एक दिलचस्प दुनिया पर आधारित है और राजा ने इसे एक अलग नजरिया दिया है। हमें इतने प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करने की खुशी है और हमें यकीन है कि ये फिल्म दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देगी।”

लोकोमोटिव ग्लोबल के मैनेजिंग पार्टनर और प्रोड्यूसर सुंदर एरन और प्रोड्यूसर विकास शर्मा ने कहा कि वे इस अनोखी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं। “हम ऐसी कहानियों की ओर आकर्षित होते हैं जो सीमाओं से परे हों, लेकिन जिनमें इंसानी जज्बात गहराई से जुड़े हों। हम तुरंत ही इस तमिल-भाषा की साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म की दुनिया की ओर खिंचे चले आए—इसके रहस्य, माहौल, भावनात्मक गहराई और लगातार बने रहने वाले तनाव की वजह से।”

इसे कुमार मंगत पाठक, अभिषेक पाठक, सुंदर एरन, विकास शर्मा और अमित डालमिया ने तैयार किया है। राजेश मेनन और जॉर्ज कैमरन को-प्रोड्यूसर हैं, जबकि अभिनव मेहरोत्रा ​​क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *