Toxic: फिल्ममेकर ऋषभ शेट्टी ने यश और उनकी नई फिल्म ‘टॉक्सिक’ की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभिनेता ने खुद को एक ऐसे किरदार और दुनिया में पूरी तरह ढाल लिया, जिसके लिए बहुत जबरदस्त परफॉर्मेंस की जरूरत थी। इस फिल्म को गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है और खबरों के मुताबिक, इसे 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनाया गया है। फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कई दूसरी भाषाओं में डब करके रिलीज की गई थी।
ऋषभ शेट्टी ने अपने एक्स हैंडल पर एक नोट शेयर किया और फिल्म में एक्टर की अभिनय की तारीफ की।
उन्होंने लिखा, “एक आर्टिस्ट के तौर पर, जब आप कोई किरदार निभाते हैं, तो आप उसे दिल से जीवंत करने की कोशिश करते हैं। यहां, मैं उस लगन से सचमुच प्रभावित हूं जिसके साथ एक ताकतवर आदमी के संघर्ष को दिखाया गया है… कहानी कहने में जो मेहनत लगती है, और दिमाग में एक विचार से लेकर स्क्रीन पर फिल्म बनने तक का जो सफर होता है, वो बहुत बड़ा होता है।”
उन्होंने आगे कहा, “@TheNameIsYash सर, जिस तरह से आपने खुद को एक ऐसे किरदार और दुनिया में पूरी तरह ढाल लिया, जिसके लिए बहुत जबरदस्त परफॉर्मेंस की जरूरत थी, उसके लिए आपको सलाम। मैं हर सीन में इसे साफ तौर पर महसूस कर सकता था… दर्शकों को ये अनुभव कराना आसान नहीं है कि कैसे पछतावा बढ़ता है और जिंदगी में जहर (टॉक्सिसिटी) घोलता है। सर, इस साहसी प्रयोग की कोशिश करने के लिए मैं आपके साथ हूं। #ToxicTheMovie”
फिल्म में यश ‘राया’ और ‘टिकट’ के दोहरे किरदारों में हैं और एक नए अवतार में नजर आ रहे हैं। इसमें नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी जैसे कई कलाकार शामिल हैं। ‘टॉक्सिक’ को वीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने प्रोड्यूस किया है।