Dharamshala: हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला की मशहूर चाय पर मौसम की मार पड़ी है, अगस्त में भारी बारिश की वजह से इसका उत्पादन कम हो गया है। इस इलाके की मुख्य चाय प्रोसेसिंग कंपनी, ‘धर्मशाला टी कंपनी’ का लक्ष्य इस साल लगभग डेढ़ लाख किलोग्राम चाय का उत्पादन करना है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि ज्यादा बारिश के कारण इतना उत्पादन नहीं हो पाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक ज्यादा बारिश की वजह से इस साल अगस्त में चाय का उत्पादन लगभग 15 हजार किलोग्राम ही रहा, जबकि पिछले साल ये आंकड़ा लगभग 25,000 किलोग्राम था। कंपनी मुख्य रूप से ब्लैक ऑर्थोडॉक्स चाय बनाती है, साथ ही कुछ ग्रीन टी और उलॉन्ग चाय भी तैयार करती है।
यहां बनने वाली खास तरह की चाय की अंतरराष्ट्रीय बाजारों, खासकर यूरोप में अच्छी मांग है। मानसून कमजोर पड़ने के साथ कंपनी को बेहतर उत्पादन की उम्मीग है, ताकि चाय की बढ़ती मांग पूरी हो सके।