Raksha Bandhan: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित पेट्रापोल बॉर्डर पर हर शाम की तरह मंगलवार को भी राष्ट्रीय ध्वज को नीचे उतारने की रस्म निभाई गई, लेकिन इस बार ये कुछ अलग थी।
रक्षाबंधन से पहले एक वेलफेयर सोसाइटी की महिलाओं का एक समूह बॉर्डर पर तैनात बीएसएफ जवानों की कलाई पर राखी बांधने पहुंचा।
रक्षाबंधन का त्योहार देश की सरहद पर तैनात सैनिकों और देशवासियों के बीच अटूट प्रेम, सम्मान और सुरक्षा के भाव का प्रतीक है। यही वजह है कि पेट्रापोल बॉर्डर पर इस रस्म के दौरान एक निजी जुड़ाव देखने को मिला।
गौरतलब है कि पेट्रापोल-बेनपोल (भारत-बांग्लादेश) बॉर्डर पर हर शाम सूर्यास्त से पहले पूरे सम्मान के साथ बीएसएफ के जवानों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के नीचे उतारने की रस्म निभाई जाती है।