FDA: नोटिस पर शाहरुख, अजय और टाइगर ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया- FDA

FDA: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण (एफडीए) को एक विज्ञापन के सिलसिले में अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के खिलाफ जारी नोटिस पर उनकी तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बुधवार को ये जानकारी दी।

मुंबई प्रेस क्लब की ओर से आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में मुंढे ने कहा कि किसी उत्पाद का प्रचार करना गलत नहीं है, लेकिन उसे गलत तरीके से प्रचारित करना गलत है। विज्ञापनों और छद्म प्रचार से जुड़े सवाल पर मुंढे ने कहा, “हम जो भी विज्ञापन देखते हैं, चाहे वे अखबारों में हों, टेलीविजन पर हों या सोशल मीडिया पर हों-सभी हमारी निगरानी में हैं। हम नियमों के उल्लंघन पर नजर रख रहे हैं।”

एफडीए ने अगस्त की शुरुआत में ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर शाहरुख, अजय और टाइगर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। खाद्य नियामक ने दावा किया था कि ये विज्ञापन पहली नजर में प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू से जुड़े उत्पादों का “अप्रत्यक्ष या छद्म प्रचार” प्रतीत होता है।

नोटिस के बारे में पूछे जाने पर मुंढे ने कहा कि शाहरुख, अजय और टाइगर की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। एफडीए की ग्रेटर मुंबई इकाई ने 11 अगस्त को जारी नोटिस में कहा था कि ये मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि विज्ञापन में ‘विमल पान मसाला’ से जुड़ी ब्रांड पहचान का इस्तेमाल किया गया है।

नोटिस में तीनों अभिनेताओं को ब्रांड का प्रचारक बताया गया था और उनसे 15 दिन के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *