Asian Cup: भारत ने ताशकंद में होने वाले एएफसी अंडर-20 एशियाई कप क्वालीफायर के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की। राष्ट्रीय शिविर के लिए बुलाए गए आठ खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं किया गया।
क्वालीफाइंग टूर्नामेंट 31 अगस्त से छह सितंबर तक उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में होगा। मुख्य टूर्नामेंट अगले साल चीन में होगा। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में सिंगापुर के खिलाफ मैत्री मैच से पहले घोषित 30 सदस्यीय टीम में से आठ खिलाड़ियों को तकनीकी या चोट से संबंधित कारणों के चलते रिलीज कर दिया गया है।
जून में बेंगलुरु में ट्रायल शुरू होने के बाद 100 से अधिक खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया जिसके बाद अंतिम 23 खिलाड़ियों का चयन किया गया। टीम गुरुवार को ताशकंद पहुंचेगी। फिर 31 अगस्त को सीरिया, तीन सितंबर को मेजबान उज्बेकिस्तान और छह सितंबर को बांग्लादेश से खेलेगी, इसके साथ ही ग्रुप बी में उनका अभियान समाप्त होगा।
सभी आठ ग्रुप के विजेता और सात सर्वश्रेष्ठ उप-विजेता एएफसी अंडर-20 एशियाई कप चीन 2027 के लिए क्वालीफाई करेंगे।
