Nagpur: वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप, 40 लोग अस्पताल में भर्ती

Nagpur: महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार देर रात एक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस लीक होने से आस-पास के लोग जान बचाने के लिए भागे और कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। अधिकारियों ने ये जानकारी दी, नागपुर नगर निगम ने बताया कि गोधनी गांव के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में रात करीब 1 बजे 900 किलोग्राम क्षमता वाले क्लोरीन गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गैस आस-पास के रिहायशी इलाकों में फैल गई, जिससे अफरातफरी मच गई। नगर निगम ने बताया कि कई लोगों को खांसी और सांस लेने में तकलीफ हुई। बाद में पुलिस ने 200 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया और प्रभावित इलाके को सील कर दिया। नागपुर नगर निगम ने बयान में कहा कि आस-पास की बस्तियों के लोगों को दूर जाने के लिए कहा गया और कई लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

सूचना मिलने पर नगर निगम के दमकलकर्मी दो वॉटर टेंडर और ब्रीदिंग उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे। नागपुर में पीने का पानी सप्लाई करने वाली कंपनी ऑरेंज सिटी वॉटर प्राइवेट लिमिटेड (OCW) के कर्मचारियों और नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम को भी मदद के लिए बुलाया गया।

नगर निगम ने बताया कि सुबह करीब 5.30 बजे, जब लीक को रोक दिया गया, तो एनडीआरएफ की टीम, दमकलकर्मियों और ओसीडब्ल्य के कर्मचारियों ने क्लोरीन सिलेंडर को कास्टिक सोडा मिले पानी के टैंक में डाल दिया।

मानकापुर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने 200 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया और इलाके की घेराबंदी कर दी। उन्होंने कहा कि कई लोग खुद अस्पताल गए, जबकि कई अन्य को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *