Rakhi: राजस्थान के बीकानेर में, डाकघर परिवारों और सेना के बीच एक पुल का काम कर रहे हैं। भारतीय डाक विभाग का ‘राखी से रक्षा’ अभियान इस रक्षाबंधन पर नागरिकों को सुरक्षा बलों के करीब लाने का प्रयास कर रहा है। यह पहल लोगों को दूर-दराज और सीमावर्ती इलाकों में तैनात सैनिकों को राखी भेजने के लिए प्रोत्साहित करती है। भारतीय डाक विभाग इसके लिए खास लिफाफे और पैकेजिंग की सुविधा दे रहा है ताकि हर राखी सुरक्षित रूप से अपनी मंजिल तक पहुंच सके।
बीकानेर मुख्य डाकघर उप- अधीक्षक ने बताया कि “बहनें हैं वो डाक विभाग के जरिए चाहे वो बड़ा हेड पोस्ट ऑफिस हो गांव का एक छोटा ब्रांच पोस्ट ऑफिस हो, उससे राखी बुक करवा रहे हैं। आम जन तो राखी बुक करवाई रहा है जिसके लिए विशेष लिफाफे और बॉक्स डाक विभाग उपलब्ध करवा रहा है। लेकिन देश के वीर जवानों के लिए राखी भेजी जा रहीं हैं। जिसमें बच्चे बहनें बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहीं हैं, उसके साथ एक छोटा सा अपना वो संदेश भी भेज रहीं हैं।”
इस अभियान को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। कई महिलाएं अपने भाइयों को राखी भेज रही हैं। चाहे वे सेना में तैनात उनके अपने भाई हों या वे सैनिक जिन्हें वे अपना भाई मानती हैं। उनका कहना है कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वालों के प्रति सम्मान दिखाने का यह एक खास तरीका है।
स्कूली बच्चे भी इस अभियान से जुड़ गए हैं। वे राखियों के साथ हाथ से लिखे संदेश भी भेज रहे हैं, इस साल रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा और ‘राखी से रक्षा’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।