Stock market: वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगभग स्थिर बंद हुए। विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल के दोबारा बढ़ने और कच्चे तेल की लगातार ऊंची कीमतों ने निवेशकों को बाजार में आक्रामक रुख अपनाने से रोकने का काम किया।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 3.11 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,540.83 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 77,725.67 के ऊंचे और 77,445.86 के निचले स्तर तक गया। इस दौरान इसमें 279.81 अंक का उतार-चढ़ाव रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 20.15 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,252 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और एशियन पेंट्स के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, ट्रेंट, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और एचसीएल टेक में गिरावट रही। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत बढ़कर 93.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 583.36 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में बंद हुए, जबकि जापान का निक्की सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोपीय बाजार मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। गुरुवार को सेंसेक्स 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत उछलकर 77,537.72 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी लगातार सात दिन की गिरावट के बाद 153.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत बढ़कर 24,231.85 अंक पर बंद हुआ था।