Independence Day: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी

Independence Day: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों की वजह से दोनों देशों के आपसी संबंध पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुए हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से बीते शुक्रवार को जारी एक बयान में मंत्री रुबियो ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती और परिवार के गहरे रिश्ते एक ऐसी साझेदारी की नींव हैं, जो नई सोच वाली, मजबूत और भविष्य पर नजर रखने वाली है। रूबियो ने कहा, “मैं अमेरिका की ओर से भारत के लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं।”

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों की वजह से अमेरिका-भारत संबंध लगातार बढ़ रहे हैं और पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं।” रुबियो ने कहा कि रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा से लेकर जरूरी खनिज, एआई, अंतरिक्ष सहयोग और व्यापार तक अमेरिका-भारत सहयोग दोनों देशों और व्यापक हिंद महासागर क्षेत्र को सुरक्षित, मजबूत और ज्यादा समृद्ध बना रहा है।

रूबियो ने कहा, “हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती और परिवार के गहरे रिश्ते एक ऐसी साझेदारी की नींव हैं, जो नई सोच वाली, मजबूत और भविष्य पर नजर रखने वाली है। अमेरिका उस भविष्य का इंतजार कर रहा है, जिसे हमारे दोनों देश मिलकर बनाएंगे।” अमेरिका के कई राज्यों ने 15 अगस्त, 2026 को देश की आजादी के उपलक्ष्य में ‘इंडिया डे’ के तौर पर मनाने के लिए विशेष घोषणाएं की हैं, ताकि अमेरिकी समाज में वहां रहने वाले भारतीयों के बढ़ते योगदान को रेखांकित किया जा सके।

कई सीनेटरों, कांग्रेस सदस्यों, कानून निर्माताओं और नगर परिषदों ने भारत के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *