Teej: स्वतंत्रता दिवस के दिन मनाई जाएगी हरियाली तीज, वृंदावन में चल रही हैं विशेष तैयारियां

Teej:  भगवान बांके बिहारी की पावन नगरी वृंदावन हरियाली तीज की तैयारी कर रहा है, जो इस साल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दिन ही पड़ रही है। इस मौके पर बांके बिहारी मंदिर में सालाना झूलन उत्सव की तैयारियां चल रही हैं, जिसमें भगवान कृष्ण की मूर्ति को खास तौर पर सजाए गए झूले पर बिठाया जाता है।

पुजारी मयंक गोस्वामी ने बताया कि  “यह बहुत सालों बाद करीब मान लीजिए 75 सालों बाद ऐसा संयोग बना है, जिसमें 15 अगस्त की ही हरियाली तीज पड़ी है और उसमें ठाकुर जी पूर्ण रूप से विराजमान होंगे। झूले में करीब 180 किलो चांदी और 22 किलो सोना इसमें जड़ित है और ये इस दिन ठाकुर जी हरियाली तीज पर विशेष पोशाक हरी पोशाक धारण करते हैं एवं विशेष रूप से तैयार किया हुआ भोग लगाया जाता है।”

हरियाली तीज उत्सव से पहले वृंदावन के बाजारों में खूब चहल-पहल है। श्रद्धालु पूजा-अर्चना की सामग्री, ठाकुर जी के श्रृंगार का सामान और हरे रंग के कपड़े खरीद रहे हैं। हरियाली तीज पर वृंदावन में भारी भीड़ की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवा और जन-सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया है।

जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि   “हमने पूरे मथुरा को जोन में, सेक्टर में बांटा हुआ है। इसके अलावा नगर निगम पूरी तरीके से साफ-सफाई पर व्यवस्था देख रहा है। मेडिकल टीमें बढ़ाई गई हैं, छोटी-छोटी जगहों पर स्वास्थ्य शिविर लगा रहे हैं, बिजली विभाग को कहा गया है सारे जो पोल हैं उनको इंसुलेट किया जा रहा है। इसके अलावा हमने ट्रैफिक डायवर्जन भी रखा है।” सावन के महीने में मनाई जाने वाली हरियाली तीज का संबंध हरियाली, मॉनसून और उर्वरता से है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *