India Day: अमेरिकी राज्य डेलावेयर ने भी 15 अगस्त को भारत के स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की

India Day: अमेरिका के विभिन्न राज्य 15 अगस्त 2026 को भारत के स्वतंत्रता दिवस (भारत दिवस) के रूप में मनाने के लिए घोषणाएं कर रहे हैं जो भारत की विरासत, विविधता और अमेरिकी ताने-बाने में इसके प्रवासी समुदाय के बढ़ते योगदान प्रदर्शित करता है।

न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स के बाद अब डेलावेयर राज्य ने भारत के स्वतंत्रता दिवस को मनाने की घोषणा की है। डेलावेयर ने 15 अगस्त 2026 को ‘भारत दिवस’ घोषित किया है। डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर द्वारा हस्ताक्षरित इस घोषणा में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न समुदायों में मौजूद अनेक संस्कृतियों और परंपराओं से डेलावेयर ‘‘मजबूत’’ हुआ है।

इनमें तेजी से बढ़ता भारतीय-अमेरिकी समुदाय भी शामिल है, जिसकी मौजूदगी ने राज्य के स्वरूप को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। घोषणा में कहा गया, ‘‘भारतीय विरासत वाले डेलावेयरवासियों ने पूरे राज्य के समुदायों में अपने काम, नेतृत्व और सेवा के जरिए हमारे राज्य को समृद्ध किया है। उन्होंने हमारी साझा समृद्धि में योगदान दिया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसर पैदा किए हैं।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘भारत का इतिहास भाषाओं, परंपराओं, आस्थाओं और रीति-रिवाजों की असाधारण विविधता में निहित है। भारतीय-अमेरिकियों की पीढ़ियों ने अमेरिका में अपना जीवन और समुदाय बसाने के साथ-साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ाया है।’’ घोषणा में कहा गया है कि ‘भारत दिवस’ भारत की स्वतंत्रता का सम्मान करने, डेलावेयर के भारतीय-अमेरिकी समुदाय की विरासत और उपलब्धियों का उत्सव मनाने व समुदायों और भारत के लोगों के बीच कायम मजबूत संबंधों को पहचानने का अवसर प्रदान करता है।

मेयर ने इस घोषणा के जरिए सभी नागरिकों से ‘भारत दिवस’ मनाने, डेलावेयर के भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को पहचानने और ‘‘हमारे समुदायों तथा भारत के लोगों के बीच कायम मजबूत और स्थायी संबंधों का सम्मान करने’’ का आह्वान किया। इससे एक दिन पहले न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल और न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने भी 15 अगस्त 2026 को अपने-अपने राज्यों में ‘भारत के स्वतंत्रता दिवस’ के रूप में मान्यता देने की घोषणा जारी की थी।

इस महीने की शुरुआत में मैसाचुसेट्स की गवर्नर माउरा हीली ने भी 15 अगस्त को ‘भारत दिवस’ घोषित किया था और राज्य में भारतीय प्रवासी समुदाय के योगदान को मान्यता दी थी।  हर साल 15 अगस्त को भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए अमेरिका के विभिन्न राज्यों और शहरों में भारतीय दूतावास, वाणिज्य दूतावासों तथा संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में ध्वजारोहण समारोह, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष आयोजन किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *