Chamoli: चमोली के ऊपरी क्षेत्रों में तेज बारिश के बाद तमक नाला ऊफान पर आ गया, इस दौरान तमक के पास वैली ब्रिज भी उफनती नदी के चपेट में आ गया। पुल के बहने से सीमांत क्षेत्र का संपर्क मुख्यालय से कट गया है, वहीं इस दौरान मजदूर व ग्रिफ के कर्मचारी के लापता होने की भी सूचना है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के आसपास खतरा बना हुआ है। ऐसे में नीती घाटी की ओर जाने वाले लोगों से अपील की गई है कि स्थिति सामान्य होने तक यात्रा न करें और प्रशासन की अनुमति या अपडेट के बाद ही आगे बढ़ें। खराब मौसम और तेज बहाव को देखते हुए मौके पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, प्रशासन से भी लोगों से अपील है कि नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों के पास जाने से बचें।
चमोली में नीती घाटी को जोड़ने वाला वैली ब्रिज बहा..#Chamoli #HeavyRainfall #NitiValley pic.twitter.com/sFunNqIoY1
— Tikhee Mirchi (@tikhee_mirchi) August 10, 2026
ग्रामीणों का कहना है कि तमक के ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने के कारण तमक नाला उफान पर आया है। उधर, उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ का कहना कि मामले की जानकारी ली जा रही है।
बारिश अलर्ट-
राज्य में मानसून एक बार फिर सक्रिए हो गया है, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। केंद्र ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।