Stock market: कच्चे तेल के भाव में तेजी और वैश्विक स्तर पर अनश्चितता के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को मामूली तेजी रही और दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।
ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.10 फीसदी बढ़कर 84.47 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 43 अंक से ज्यादा चढ़कर 78,542 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 13 अंक बढ़कर 24,584 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में टाइटन, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील और एशियन पेंट्स सबसे ज्यादा बढ़े जबकि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एटरनल, एनटीपीसी, आईटीसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज सबसे ज्यादा गिरे।
सेक्टर के हिसाब से देखें तो रियलिटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कैपिटल गुड्स के शेयरों ने मार्केट की तेजी को आगे बढ़ाया जबकि पब्लिक सेक्टर बैंक, एनर्जी और टेलीकॉम सेक्टर के शेयर सुस्त रहे।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, साउथ कोरिया का कोस्पी, हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुए। सोमवार को यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला कारोबार हुआ। शुक्रवार को अमेरिका बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 480 करोड़ रुपये से ज्यादा की इक्विटी खरीदी।