Dehradun: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक की। दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक जन शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जवाबदेही हर स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान कई जनपदों के शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। जिन शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो चुका था, उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 के माध्यम से मिली सहायता एवं प्रदेश सरकार की त्वरित कार्यप्रणाली के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही अधिकारियों को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, भूमि संबंधी विवादों के शीघ्र निस्तारण, सेवानिवृत्त कार्मिकों को प्रथम माह से ही पेंशन उपलब्ध कराने तथा जनसुविधाओं से जुड़े नवाचारों की विस्तृत जानकारी निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में जिन अधिकारियों की कार्यवाही शून्य प्रतिशत है, उन्हें संबंधित विभागाध्यक्ष तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करें। यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान नहीं हो पा रहा है, उनकी नियमित समीक्षा विभागाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी स्तर पर की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्पेशल क्लोज, डिमांड, सजेशन तथा अन्य श्रेणियों में परिवर्तित की गई शिकायतों का भी गंभीरता से परीक्षण किया जाए, ताकि किसी भी वास्तविक शिकायत का निस्तारण प्रभावित न हो।