Uttarakhand: अलर्ट के बीच सीएम धामी के निर्देश जारी, कहा- “सभी विभाग 24×7 अलर्ट मोड पर रहें”

Uttarakhand:  भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा प्रदेश के अधिकांश जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने और सोमवार रात्रि से राज्य के कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन व पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेश में हो रही वर्षा, जनपदों की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत व बचाव कार्यों और  प्रशासन की तैयारियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करें। किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में राहत व बचाव कार्यों में एक क्षण की भी देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने जिलाधिकारियों तथा विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाने तथा स्वयं स्थिति से रूबरू होने के निर्देश दिए।

उन्होंने बारिश वर्षा के कारण बाधित सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए जेसीबी, पोकलेन, डोजर तथा अन्य आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, आवागमन सामान्य किया जा सके और राहत व बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दुर्गम एवं आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य तत्काल संचालित किए जा सकें तथा जरूरतमंद लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।  मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी भी स्थान पर भारी वर्षा अथवा भूस्खलन के कारण विद्युत, पेयजल, संचार सेवाएं बाधित होती हैं तो सभी विभाग प्राथमिकता के आधार पर उनकी बहाली सुनिश्चित करें।

चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मा0 मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अत्यधिक वर्षा अथवा भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम एवं मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाए।

29 और 30 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मौसम चेतावनी के अनुसार 29 और 30 जुलाई को उत्तराखण्ड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की है।

29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत एवं ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर भी पड़ सकते हैं। इसी प्रकार 30 जुलाई को बागेश्वर, चम्पावत एवं पिथौरागढ़ जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी एवं नैनीताल में भारी वर्षा की संभावना है। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जनपदों के जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेशवासियों एवं चारधाम यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों एवं जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। अनावश्यक यात्रा से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *