CM Yogi : कमिश्नरी में CM योगी की समीक्षा बैठक, जल निगम के अधिकारियों को लगाई फटकार

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा दौरे के दौरान कमिश्नरी सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। सीएम योगी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनता से जुड़े काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़कों की खराब हालत पर जल निगम को फटकार

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत ठीक से नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि सड़क खोदने के बाद सिर्फ उसे चलने लायक बनाना काफी नहीं है। जिस तरह की सड़क पहले थी, उसे उसी तरह दोबारा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि अगर सीमेंट-कंक्रीट की सड़क तोड़ी गई है तो उसे दोबारा सीसी सड़क ही बनाया जाए। काम सही नहीं मिलने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

रेहड़ी-पटरी वालों को उजाड़ने के बजाय वेंडिंग जोन में बसाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क किनारे दुकान लगाने वाले रेहड़ी-पटरी वालों को हटाकर बेरोजगार न किया जाए। उन्हें उचित जगह पर वेंडिंग जोन बनाकर बसाया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने आयुष्मान कार्ड और पैनल में शामिल अस्पतालों के लंबित भुगतान की जांच कर जल्द निपटाने के निर्देश दिए। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि बच्चों की पढ़ाई के लिए DBT के जरिए भेजी गई राशि का सही इस्तेमाल हो, इसके लिए अभिभावकों के साथ बैठक की जाए।

आगरा के विकास और उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि टीटीजेड और सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले आगरा के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने मंडलायुक्त को निर्देश दिया कि आगरा से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के फैसलों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि सही पैरवी के जरिए शहर का विकास प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि आगरा में लेदर प्रोडक्ट और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। इसलिए इन क्षेत्रों में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ठोस योजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अवैध खनन रोकने, जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और किसानों की अधिग्रहीत जमीन का भुगतान मौजूदा दर के हिसाब से करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा को लेकर भी बेहतर तैयारियां करने को कहा। बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति समेत कई जनप्रतिनिधि और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *