Jana Nayagan: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और एक्टर विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। बीते दिन शाम से ही दर्शक फिल्म के स्वागत में जश्न मनाने लगे थे। आज 23 जुलाई को फिल्म रिलीज होते ही बड़ी संख्या में दर्शक इसे देखने सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। इस बीच अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी ‘जन नायकन’ देखने सिनेमाघर पहुंची हैं।
थिएटर के बाहर नजर आईं तृषा
अभिनेत्री तृषा कृष्णन आज गुरुवार को चेन्नई के रोहिणी थिएटर में ‘जन नायकन’ देखने के लिए पहुंचीं। थिएटर जाते हुए एक्ट्रेस को स्पॉट किया गया। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें तृषा वेस्टर्न लुक में खूबसूरत नजर आ रही हैं।
फिल्म ‘जन नायकन’ थलापति विजय की आखिरी फिल्म है, क्योंकि अब वे पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हैं। इस फिल्म को इसकी मूल रिलीज डेट से करीब सात महीने बाद रिलीज किया गया है। दरअसल, सेंसर बोर्ड से हरी झंडी नहीं मिलने के चलते फिल्म की रिलीज अटकी रही। इस बीच फिल्म ऑनलाइन लीक भी हो गई थी। लंबे इंतजार के बाद आखिर दर्शक इसे सिनेमाघरों में देख पा रहे हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट
‘जन नायकन’ में विजय के अलावा पूजा हेगड़े हैं। साथ ही बॉबी देओल और प्रकाश राज जैसे सितारे भी अहम भूमिका में हैं।